देहरादून, ब्यूरो। एसटीएफ उत्तराखंड ने नकली दवा के धंधे का भंडाफोड़ किया है। हरिद्वार के भगवानपुर व लक्सर और यूपी के सहारनपुर में नकली दवा बनाने वाली फैक्टरियों में छापा मारकर 15 लाख से अधिक टैबलेट और एक करोड़ से अधिक का कच्चा माल बरामद किया। भगवानपुर में बंद फैक्टरी में दवाएं बनाई जा रही थीं। इन्हें कोरियर से देश के अलग-अलग हिस्सों से में भेजा जाता था।
एसएसपी ने बताया कि दवाओं के लिए रैपर भी भगवानपुर के ग्राम सिसौना स्थित कंपनी में तैयार किए जाते हैं। यहां पर पेपर बॉक्स और नामी कंपनियों के रैपर छापे जाते हैं। एसटीएफ इनसे जुड़े लोगों की तलाश कर रही है। यहां पर साहिब का गोदाम भी बताया जा रहा है। इस पर भी एसटीएफ कार्रवाई कर रही है। इन दवाओं को ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्रों में खपाया जाता है। सूत्रों के मुताबिक दवाओं को झोलाझाप डॉक्टरों की मदद से बेचा जाता है। दवा स्टोर पर प्रशासन की नजर कभी कभार ही पड़ती है। ऐसे में धड़ल्ले से इन दवाओं को बेचते हैं। हालांकि, एसटीएफ अभी इस पूरी चेन को भी तोड़ने की तैयारी कर रही है। एसटीएफ फिलहाल कोरियर कंपनियों के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।