बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दरबार उत्तराखंड में लगने जा रहा है। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर लीं गईं हैं। बागेश्वर धाम शास्त्री के भक्तों में दरबार को लेकर काफी उत्साह है। शास्त्री चार नवंबर को देहरादून में अपना दबरार लगाएंगे।
दरबार महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज रायपुर में लगने जा रहा है। श्री पशुपतिनाथ मंदिर भारत चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित दरबार पर प्रशासन ने भी स्वीकृति की मुहर लगा दी है। देहरादून में इस आयोजन से जुड़ी तैयारियों को देख रहे ट्रस्ट सदस्य और भाजपा नेता लच्छु गुप्ता ने बताया कि बाबा बागेश्वर धाम के इस दरबार में पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री अपने चर्चित अंदाज में भक्तों की अर्जी को सुनेंगे।
देश के पहले चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल बिपिन रावत की याद में पौड़ी जिले के द्वारीखाल विकासखंड के विरमोली गांव में पांचवें धाम के रूप में काठमांडू की तर्ज पर पशुपति नाथ भगवान का भव्य मंदिर बनाया जा रहा है। धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री इस दरबार के दौरान इस मंदिर के निर्माण की घोषणा भी करेंगे।
विरमोली गांव को जनरल बिपिन रावत ने गोद लिया था। पशुपति नाथ भगवान की भव्य मूर्ति भी नेपाल से लाई जाएगी। धीरेन्द्र शास्त्री इस मूर्ति की स्थापना भी करेंगे। दून में यह आयोजन दो, तीन व चार नवंबर को होगा।
इसमें धीरेन्द्र शास्त्री का दरबार सिर्फ चार नवंबर को लगेगा। दो को रायपुर में भव्य सनातन यात्रा निकाली जाएगी। महायज्ञ में शामिल होने के लिए दून आने वाले भक्तों के ठहरने के लिए शहर व्यस्था की गई है।
