देहरादून, ब्यूरो। कारगिल विजय दिवस के मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रि) गुरमीत सिंह ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। देहरादून के गढ़ी कैंट में बने लाल गेट पर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान आर्मी के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
कारगिल दिवस को आज देश भर में शौर्य दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उत्तराखंड के भी कारगिल युद्ध में 75 वीर जवानों ने अपनी शहादत दी थी। उसी शहादत को याद करके आज प्रदेश में हर किसी की आंखें नम हैं। आज नम आंखों से सभी कारगिल वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि जिन शहीदों ने कारगिल युद्ध में अपनी शहादत दी है, मैं उनको नमन करता हूं। उनकी शहादत को सलाम करता हूं। जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार हर सैनिक के लिए बेहतर काम कर रही है। उन्होंने सभी सैनिक और उनके आश्रित परिवारों को आश्वासन दिया कि अगर किसी भी सैनिक को या उसके परिवार को दिक्कत है, तो उसके लिए राजभवन के दरवाजे हमेशा खुले हैं। वह मुझे आकर अपनी समस्या बता सकते हैं, जिसका निराकरण किया जाएगा।
शहीद की माताजी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया
Wed Jul 27 , 2022
देहरादून, ब्यूरो। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कुपवाडा बार्डर पर 2013 में शहीद हुए राइफल मैन स्व0 मनोज राणा की पुण्य तिथि पर उनके कैनाल रोड़ स्थित आवास पर जाकर शहीद सैनिक को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शहीद की माता जी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर करन माहरा ने कहा कि हम देवभूमि के लोग अपने आपको सौभाग्यशाली मानते हैं कि देश की समीमाओं की रक्षा में हम सबसे आगे रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद जब-जब देश पर किसी बाहरी ताकत के कारण संकट आया हमारे नौजवानों ने अपना सर्वस्व बलिदान कर देश की सीमाओं की रक्षा की। हम देवभूमि के ऐसे सपूतों को शत-शत् नमन करते हैं। इसके उपरान्त करन माहरा ने पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार के आवास पर पहुंचकर उनकी पूज्य माता जी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर उपस्थित प्रदेश उपाध्यक्ष प्रशासन/संगठन मथुरादत्त जोशी, मीडिया पैनलिस्ट गरिमा दसौनी, बसी जैदी, अमरजीत सिंह आदि ने भी शहीद मनोज राणा को श्रद्धासुमन अर्पित किये तथा अशोक कुमार की माता जी के निधन पर शोक प्रकट किया।