पुरानी सीमापुरी से बरामद विस्फोटक के मामले की जांच में जुटी दिल्ली पुलिस की कई टीमें संदिग्धों की तलाश में दिल्ली-एनसीआर और यूपी, पंजाब व मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों में करीब 15 जगहों पर छापेमारी कर रही हैं। छापेमारी में दिल्ली पुलिस की टीम के साथ ही संबंधित प्रदेशों की पुलिस से भी सहयोग लिया जा रहा है। एक तरफ जहां यूपी एटीएस की टीम अपने स्तर पर संदिग्धों की जांच में जुटी हुई है तो दूसरी तरफ पंजाब व मध्य प्रदेश की पुलिस की मदद से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मकान मालिक हाशिम अहमद, प्रॉपर्टी डीलर शमीम अहमद व दो संदिग्धों समेत अब तक कुल छह लोगों से पूछताछ की है। स्पेशल सेल की पूछताछ के दायरे में आने वालों में मकान में दूसरी मंजिल पर रहने वाले दो किरायेदार व अन्य दो लोग शामिल हैं, जिनके नामों का खुलासा पुलिस ने जांच का हवाला देते हुए नहीं किया है। आशंका जताई जा रही है कि इनमें से कुछ के संबंध मकान में आईईडी रखने वालों से हो सकते हैं।
