रामनगर, ब्यूरो। कॉर्बेट से सटे तराई पश्चिमी वन प्रभाग के बन्नाखेड़ा रेंज में सागौन के लट्ठों की तस्करी कर रहे दो वन तस्करों को वनकर्मियों ने पकड़ा है। वनकर्मियों ने तस्करों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और सागौन के छह लट्ठे बरामद किये हैं। इसके साथ ही दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। तराई पश्चिम वन प्रभाग के डीएफओ कुंदन कुमार ने बताया कि देर रात को मुखबिर की सूचना पर बन्नाखेड़ा रेंज से दो लोगों को सागौन के लट्ठों के साथ पकड़ा है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी जंगल से सागौन के पेड़ काटकर लट्ठों को मोटरसाइकिल की मदद से ला रहे थे। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और सागौन के छह लट्ठे बरामद किये हैं। कुंदन कुमार ने बताया कि पकड़े गए सागौन के लट्ठों की कीमत 50,000 रुपए से ज्यादा आंकी जा रही है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की गश्त आगे भी लगातार जारी रहेगी।
भारी बारिश से टपकेश्वर में तमसा नदी पर बना पुल क्षतिग्रस्त
Sat Aug 20 , 2022
देहरादून, ब्यूरो। दून के प्रसिद्ध टपकेश्वर मंदिर से लगकर बहने वाली तमसा नदी भारी बारिश से उफान पर है। पानी के तेज बहाव के चलते रात 4.30 बजे टपकेश्वर में तमसा नदी के उस पार मौजूद संतोषी माता मंदिर में जाने वाला लोहे का पुल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर बह गया। जिसकी वजह से जहां एक तरफ संतोषी माता मंदिर में जाने वाला मार्ग बंद हो गया, इसके अलावा टपकेश्वर में लगी बड़ी हनुमान जी की मूर्ति के आसपास मौजूद सभी छोटी मूर्तियां पानी में बह गईं। इसके अलावा संतोषी माता मंदिर के बगल में मौजूद मां वैष्णो देवी गुफा मंदिर को भी नुकसान हुआ है। मंदिर के पुजारी आचार्य विपिन जोशी का कहना है कि लगातार कल से हो रही बारिश के चलते मंदिर परिसर में काफी नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि वर्ष 2013 के बाद पहली दफा इस तरह का मंजर टपकेश्वर में देखने को मिल रहा है।