देहरादून, ब्यूरो। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्द्वानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतम 8 वर्ष पूर्ण होने पर मीडिया से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8 वर्ष के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा बीते आठ वर्षों में देश का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। देश एक सशक्त भारत के रूप में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा इन आठ सालों में देश के विभिन्न क्षेत्रों की कार्यशैली में बदलाव आया है। उन्होंने कहा आज प्रत्येक योजनाएं जमीनी स्तर पर लागू हो रही हैं एवं प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाएं पहुंचे इसके लिए बीते 8 वर्षों से कई कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की प्रदेश में पर्यटन विकास पर विशेष रूप से फोकस है। कृषि एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी केंद्र सरकार के सहयोग से विशेष योजनाएं चल रही हैं। राज्य में उज्जवला योजना का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा चुनाव से पूर्व हमने अंत्योदय कॉर्ड धारकों को साल में तीन मुफ्त सिंलेडर देने का वादा किया था, जिसका शासनादेश जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की प्रदेश सरकार माननीय मोदी जी की कार्यसंस्कृति का अनुसरण करते हुए सरलीकरण, समाधान, निस्तारण के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक नायक के रूप में काम कर रहा है। हमारी संस्कृति का सभी देश सम्मान कर रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदार और भगवान बद्री विशाल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना की।