उत्तराखंड क्रांति दल ने घोषित किये 16 कैंडिडेट्स, आशीष नेगी को कर्णप्रयाग से टिकट – HSS News 24

उत्तराखंड क्रांति दल ने घोषित किये 16 कैंडिडेट्स, आशीष नेगी को कर्णप्रयाग से टिकट

admin

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने भाजपा और कांग्रेस से पहले चुनावी मैदान में अपने प्रत्याशियों को उतारने की पहल की है. शनिवार को देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने फाइव-लेयर सिस्टम के तहत प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की. इस सूची में प्रदेश की 16 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं. पार्टी का कहना है कि प्रत्याशियों के चयन में संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण, जनसरोकार और उत्तराखंड के हितों के लिए किए गए संघर्षों को प्राथमिकता दी गई है. पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में दूसरी सूची जारी की जाएगी.

यूकेडी की ओर से जारी सूची के अनुसार पिथौरागढ़ से काशी सिंह ऐरी, धारचूला से पुष्पेश त्रिपाठी, देवप्रयाग से पूरन सिंह कठैत, प्रतापनगर से प्रकाश राणा, कर्णप्रयाग से आशीष नेगी और जागेश्वर से दिनेश कुंजवाल को प्रत्याशी बनाया गया है. इसके अलावा राजपुर सीट से देव चंद उत्तराखंडी, सल्ट से प्रताप सिंह, टिहरी से डीडी पंत, कपकोट से करण चंदोला, काशीपुर से प्रदीप चंद, नानकमत्ता से कैलाश सिंह पांगती, रामनगर से भुवन चंद्र, देहरादून कैंट से राजेंद्र सिंह नेगी, खानपुर से रितु कंडियाल भूयाल और घनसाली से चंदन सिंह राणा को चुनाव मैदान में उतारा गया है.

Image

Image

प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही UKD नेताओं ने आगामी चुनाव के लिए पार्टी की राजनीतिक दिशा और मुद्दों को भी सामने रखा. आशीष ने भाजपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा राज्य गठन के इतने साल बाद भी पहाड़ों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति नहीं सुधरी है. आज भी अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं. महिलाओं को लगातार प्रताड़ना और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

यूकेडी नेता आशीष नेगी ने कहा उत्तराखंड के विकास के लिए केवल एक-दो मुद्दों पर बात करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि राज्य के लिए व्यापक योजना की जरूरत है. इसके लिए सबसे पहले 1992 के ब्लूप्रिंट को फिर से देखने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि इस ब्लूप्रिंट में उत्तराखंड के लिए 23 जिले, 150 से 200 ब्लॉक, करीब 104 विधानसभा क्षेत्र और चार कमिश्नरियों की परिकल्पना की गई थी. इनमें हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और गढ़वाल को शामिल करने की बात कही गई है. उनके अनुसार प्रशासनिक इकाइयां छोटी होंगी तो सरकार की नीतियां गांवों तक आसानी से पहुंच सकेंगी. स्थानीय समस्याओं का समाधान भी बेहतर तरीके से हो सकेगा.

प्रत्याशियों के चयन को लेकर आशीष नेगी ने कहा पहली सूची में कुल 16 उम्मीदवारों को स्थान दिया गया है. इनमें चार टिकट युवाओं और युवा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं को दिए गए हैं. इसके साथ ही सैनिक प्रकोष्ठ, महिलाओं और राज्य आंदोलनकारियों को भी प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है. पार्टी ने बुजुर्गों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा को साथ लेकर आगे बढ़ने की रणनीति बनाई है. काशी सिंह ऐरी और पुष्पेश त्रिपाठी जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी सूची में शामिल किया गया है.

आशीष ने भ्रष्टाचार और प्रदेश के संसाधनों से जुड़े मुद्दों पर भी सख्त रुख दिखाया. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पेपर लीक कराने, जमीनों की खरीद-फरोख्त में अनियमितता करने और प्रदेश के संसाधनों पर कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे लोगों को चिह्नित कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।.उन्होंने उत्तर प्रदेश पर उत्तराखंड की करीब डेढ़ से दो लाख करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों पर कब्जा रखने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल इस मुद्दे पर गंभीरता से बात नहीं कर रहे हैं.

UKD नेता ने कहा पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव केवल सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों के सपनों और राज्य गठन से पहले तैयार किए गए 1992 के ब्लूप्रिंट के आधार पर प्रदेश के नवनिर्माण के संकल्प के साथ लड़ रही है. उन्होंने सभी घोषित प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए बदरीनाथ सहित चारों धामों का आशीर्वाद मिलने की कामना की. पार्टी नेतृत्व के अनुसार पहली सूची के बाद संगठनात्मक और चुनावी गतिविधियों को और तेज किया जाएगा. जल्द ही प्रत्याशियों की दूसरी सूची भी जारी की जाएगी.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बीमार बहन से मिलने अस्पताल पहुंची 26 वर्षीय सुमन उनियाल, रात 12 बजे अचानक हुईं लापता – Uttarakhand Nidhi

उत्तराखण्ड उधमसिंह नगर ब्यूरो : उत्तराखंड के काशीपुर में अपनी बीमार बहन को देखने आई 26 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। लापता युवती की पहचान सुमन उनियाल रावत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह काशीपुर स्थित चामुंडा हॉस्पिटल से रात करीब 12 […]

Subscribe US Now