देहरादून, ब्यूरो। वित्त एवं शहरी विकास मंत्री उत्तराखण्ड सरकार प्रेमचन्द्र अग्रवाल ने स्मार्ट सिटी परियोजना की ओर से नगर निगम को समर्पित किए गए 35 सफाई वाहन को परेड ग्राउण्ड से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर महापौर नगर निगम देहरादून सुनील उनियाल गामा, स्थानीय विधायक खजान दास, आयुक्त गढ़वाल मण्डल सुशील कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी/जिलाधिकारी डॉ0 आर राजेश कुमार, मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम मनुज गोयल, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के मिश्रा, सी.जी एम तकनीकि पदम कुमार एवं जे.एस चौहान सहित स्मार्ट सिटी परियोजना के अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मंत्री वित्त एवं शहरी विकास प्रेमचन्द्र अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा “एक कदम और स्वच्छता की ओर” अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत स्मार्ट सिटी द्वारा नगर निगम को 35 वाहन दिए जा रहे है। जिससे कूड़ा उठान में मदद मिलेगी तथा सफाई कार्यों में और अधिक गुणवत्ता आने के साथ ही कर्मचारी भी दक्षतापूर्वक कार्य करेंगे।