राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उत्तराखंड दौरा स्थगित, 1 नवंबर को देहरादून और 2 नवंबर को केदारनाथ पहुंचना था – HSS News 24

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उत्तराखंड दौरा स्थगित, 1 नवंबर को देहरादून और 2 नवंबर को केदारनाथ पहुंचना था

admin

उत्तराखंड: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा फिलहाल स्थगित हो गया है. राष्ट्रपति को एक नवंबर को देहरादून पहुंचना था. दो नवंबर को उनके केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना करने का कार्यक्रम निर्धारित था.

राष्ट्रपति भवन की ओर से उनके देहरादून और केदारनाथ दौरा स्थगित किए जाने की सूचना उत्तराखंड शासन को पत्र के माध्यम से भेजी गई है. इसके बाद प्रदेश में राष्ट्रपति के दौरे को लेकर चल रही प्रशासनिक तैयारियां फिलहाल रुक गई हैं.

राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को पत्र भेजकर प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम स्थगित किए जाने की जानकारी दी गई है. 29 अक्टूबर को जारी पत्र में पहले से निर्धारित एक और दो नवंबर के कार्यक्रम को फिलहाल टालने की बात कही गई है. पत्र में दौरा स्थगित किए जाने के पीछे कोई साफ वजह नहीं बताई गई है. ऐसे में अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि राष्ट्रपति का उत्तराखंड दौरा किन परिस्थितियों के चलते टाला गया है.

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर उत्तराखंड शासन और जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी थीं. देहरादून से लेकर केदारनाथ तक सुरक्षा, प्रोटोकॉल, आवागमन और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा था. अब दौरा स्थगित होने के बाद सभी की नजरें राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी होने वाली नई तारीख पर टिकी हैं. फिलहाल राष्ट्रपति के उत्तराखंड आगमन का नया कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है.

उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा अब अपने अंतिम चरण में है. नवंबर में चारों धामों के कपाट बंद हो जाएंगे. कपाट बंद होने की तिथियां घोषित हो चुकी हैं. राष्ट्रपति का केदारनाथ धाम का दौरा प्रस्तावित था. केदारनाथ धाम उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में है. केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर 2026 को सुबह 8:15 बजे बंद होने हैं.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर क्रैश, चमोली जोशीमठ के पास हुआ हादसा, 6 लोग थे सवार

उत्तराखंड: चमोली जिले में एक हेलीकॉप्टर के लापता होने की जानकारी सामने आई थी. कुछ दी देर बार सूचना मिली कि जोशीमठ के पास क्रैश हो गया. इस खबर के सामने आने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार […]

You May Like

Subscribe US Now