गंगोत्री ब्यूरो – नेशनल पार्क की ओर से गोमुख ट्रैक पर अधिक बर्फबारी के बाद अनिश्चितकालीन अस्थायी रोक लगा दी है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बीते दिनों ट्रैक पर अधिक बर्फबारी होने के कारण हिमस्खलन का खतरे के साथ ही कई स्थानों पर मार्ग क्षतिग्रस्त है। इसलिए सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। बीते बृहस्पतिवार व शुक्रवार को गोमुख ट्रैक पर अधिक बर्फबारी होने के कारण वहां पर हिमस्खलन का खतरा बना है। साथ ही अधिक बर्फ के कारण कई स्थानों पर ट्रैक क्षतिग्रस्त भी हुआ है। गंगोत्री नेशनल पार्क के अनुसार बर्फबारी के कारण भोजबासा व तपोवन क्षेत्र में सात ट्रैकर्स फंसे हुए हैं। हालांकि उन सभी से संपर्क हो गया है और वह सुरक्षित स्थान पर हैं।
