नैनीताल को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, खुद को बता रहा था- हिजबुल मुजाहिद्दीन का आतंकी – HSS News 24

नैनीताल को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, खुद को बता रहा था- हिजबुल मुजाहिद्दीन का आतंकी

admin

खुद को हिजबुल मुजाहिदीन का आतंकी बताकर नैनीताल को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले को उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली निवासी आरोपी नितिन शर्मा आंध्र प्रदेश में मतांतरण कर खालिद नाम से रह रहा था। उसने जुलाई में नैनीताल पुलिस को ईमेल और फेसबुक के माध्यम से नैनीताल में बम धमाकों की धमकी दी थी। आरोपी पहले भी इस तरह की धमकी दे चुका है। एसटीएफ आरोपी को देहरादून ला रही है।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बुधवार को देहरादून स्थित कार्यालय में आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को नैनीताल पुलिस के फेसबुक पेज पर नितिन शर्मा नाम से फेसबुक यूजर की आईडी से धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें लिखा था कि हम 24 घंटे के भीतर नैनीताल में जगह-जगह बम धमाके करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी हिजबुल मुजाहिद्दीन लेता है।

जीमेल पर भेजी गई धमकी

यही संदेश नैनीताल पुलिस की जीमेल आईडी पर अमित शर्मा नाम के व्यक्ति की ओर से भी भेजा गया। नैनीताल के तल्लीताल थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मामले की जांच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून को स्थानांतरित कर दी गई।

दिल्ली का रहने वाला है आरोपी

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई, जबकि एक अन्य टीम तकनीकी विश्लेषण में लगाई गई। डीएसपी अंकुश मिश्रा और निरीक्षक विवेक भारद्वाज ने साइबर विशेषज्ञों की मदद से तकनीकी जांच की तो संदिग्ध व्यक्ति का नाम नितिन शर्मा निवासी पटेल नगर दिल्ली पाया गया।

2022 में भी दी थी धमकी

एसटीएफ को जांच में पता चला कि वर्तमान में नितिन मतांतरण कर खालिद नाम से आंध्र प्रदेश में रह रहा है। जांच में यह भी पता चला कि इससे पूर्व नितिन ने अक्टूबर 2022 को नैनीताल कंट्रोल रूम को इस प्रकार की धमकी दी थी। एसटीएफ की टीम ने 20 दिन आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा सहित अन्य जनपदों में दबिश दी और सीसीटीवी खंगाले।

विजयवाड़ा से गिरफ्तार किया आरोपी

तलाशी अभियान के दौरान आरोपी नितिन शर्मा उर्फ खालिद को विजयवाड़ा से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को देहरादून लाया जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी के किसी आतंकी संगठन से जुड़े होने का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

दस निजी वाहनों को परिवहन विभाग की टीम ने किया सीज, टैक्सी के रूप में हो रहे थे संचालित

टैक्सी के रूप में संचालित हो रहे दस निजी वाहनों को परिवहन विभाग (Transport Department) की टीम ने सीज कर दिया। इनमें पांच कार व पांच दोपहिया शामिल हैं। आरटीओ  (प्रशासन) सुनील शर्मा ने बताया कि सीज किए गए सभी वाहन बला-बला और रैपिडो ऐप के माध्यम से संचालित हो […]

Subscribe US Now